इमरान खान की रिहाई को लेकर पीटीआई का आंदोलन तेज, 27 सितंबर को बड़े मार्च का ऐलान; 100 से अधिक समर्थक गिरफ्तार

Friday, August 7, 2026 - 17:42
0
इमरान खान की रिहाई को लेकर पीटीआई का आंदोलन तेज, 27 सितंबर को बड़े मार्च का ऐलान; 100 से अधिक समर्थक गिरफ्तार

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में तीन साल पूरे होने पर उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किए। पार्टी ने उनकी रिहाई की मांग तेज करते हुए 27 सितंबर को बड़े मार्च का ऐलान किया है। इस बीच पंजाब और सिंध में पुलिस कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक समर्थकों को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।

सबसे बड़ा प्रदर्शन खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में हुआ, जहां पीटीआई की सरकार है। वहीं, पंजाब के लाहौर, मियांवाली और रावलपिंडी में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कार्रवाई की। लाहौर के मॉल रोड पर रिहाई की मांग कर रहे समर्थकों पर लाठीचार्ज किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें दिखाई दीं। प्रदर्शन की कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की भी खबरें सामने आईं, जिसके बाद मीडिया संगठनों ने विरोध दर्ज कराया।

पीटीआई के पंजाब महासचिव चौधरी बिलाल एजाज ने दावा किया कि लाहौर में पार्टी के पांच विधायकों सहित 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पार्टी के अनुसार मियांवाली, रावलपिंडी और पंजाब के अन्य हिस्सों से कम से कम 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। उधर, कराची के सद्दर टाउन में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया और 10 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया। पार्टी ने पानो आकिल और कंधकोट में भी अपने समर्थकों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

इमरान खान की बहन अलीमा खान ने कहा कि उनके भाई की रिहाई के लिए आंदोलन अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है और जल्द ही इसके अगले चरण की घोषणा की जाएगी। वहीं, पीटीआई नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मूनिस इलाही ने आरोप लगाया कि जेल में इमरान खान को पर्याप्त चिकित्सीय सुविधा और मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही है तथा उनकी आंखों की रोशनी भी प्रभावित हुई है। पार्टी नेता शेरयार अफरीदी ने कहा कि इमरान खान का मनोबल नहीं टूटा है और देशभर के समर्थक उनके साथ खड़े हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User