यूपी: आज 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 37 जिले बाढ़ की चपेट में; मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

यूपी में बारिश और बाढ़ का कहर बरकरार है। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में अभी बाढ़ का असर बना है। 

Tuesday, August 12, 2025 - 11:11
Updated: 1 year ago
0
यूपी: आज 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 37 जिले बाढ़ की चपेट में; मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

लखनऊ (आरएनआई) यूपी में बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश में सोमवार को मानसूनी बारिश ने दोबारा रफ्तार पकड़ी। सोमवार को प्रदेश के पश्चिमी तराई और दक्षिणी इलाकों में अच्छी बारिश हुई। माैसम विभाग के मुताबिेक बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में अगले तीन चार दिन मध्यम से भारी बारिश के संकेत हैं। सोमवार को तराई के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत आदि में कहीं मध्यम तो कहीं जोरदार बारिश देखने को मिली। सहारनपुर में सर्वाधिक 140 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गोरखपुर में 75.2 मिमी और बलिया में 73.3 मिमी बारिश हुई।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र अमाैसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम की सक्रियता बढ़ी है। ट्रफ लाइन में भी मजबूती आई है। वहीं खाड़ी से पूर्वा हवाएं पर्याप्त मात्रा में नमी लेकर आ रही हैं। इस माैसमी बदलाव के असर से अगले तीन चार दिन पूरब से लेकर पश्चिम तक प्रदेश भर में अच्छी बारिश की परिस्थितियां बनेंगी।

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर व आसपास के इलाकों में।

पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश से प्रदेश के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इन इलाकों में सीएम योगी के निर्देश पर लगातार राहत कार्य जारी हैं। सीएम योगी के निर्देश पर अधिकारी से लेकर मंत्री, सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों का लगातार दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे पीड़ितों को याेगी सरकार की हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। 

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 37 जिलों की 95 तहसीलें और 1929 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में बाढ़ से 695362 लोग प्रभावित हैं, जिन्हें सहायता प्रदान की गई है। वहीं बाढ़ की वजह से 84777 मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 574 लोगाें के मकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से 472 लोगों को सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। वहीं, प्रदेश में 65202 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है। इन प्रभावित क्षेत्रों में 2622 नावों और मोटरबोट की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

वर्तमान में प्रदेश के 37 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें इनमें अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, बस्ती, कासगंज, हरदोई, मुरादाबाद, मुजफ्फनगर, शाहजहांपुर, भदोही, श्रावस्ती, उन्नाव, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, बिजनौर, बदायूं, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मीरजापुर, संतकबीर नगर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं। इन सभी जिलों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User