अमेरिकी घेराबंदी से वेनेजुएला का विदेशी व्यापार प्रभावित, दूसरा व्यापारिक जहाज जब्त
वॉशिंगटन (आरएनआई)। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। अमेरिकी सरकार द्वारा बढ़ाए जा रहे दबाव के तहत वेनेजुएला के दूसरे व्यापारिक जहाज को भी जब्त कर लिया गया है। इससे पहले अमेरिका एक वेनेजुएलाई तेल टैंकर को अपने कब्जे में ले चुका है। इन कार्रवाइयों के चलते वेनेजुएला का विदेशी व्यापार लगभग ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस एलान के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने वेनेजुएला की घेराबंदी करने और वहां से तेल टैंकरों के आवागमन पर रोक लगाने की बात कही थी। इसी क्रम में 10 दिसंबर को अमेरिकी सुरक्षा बलों ने वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर को जब्त किया था। अब दूसरी बार एक व्यापारिक जहाज को अपने नियंत्रण में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आपसी सहमति के तहत की गई, जिसमें अमेरिकी अधिकारी जहाज पर सवार हुए और उसे कब्जे में ले लिया गया।
राष्ट्रपति ट्रंप पहले ही वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर तीखा हमला बोलते हुए कह चुके हैं कि उनकी सत्ता के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। ट्रंप ने यह भी मांग की है कि वेनेजुएला सरकार वर्षों पहले अमेरिकी तेल कंपनियों की जिन संपत्तियों को जब्त किया गया था, उन्हें वापस किया जाए। इन्हीं मुद्दों को लेकर अमेरिका ने वेनेजुएला पर दबाव बढ़ाते हुए सैन्य और आर्थिक घेराबंदी तेज कर दी है। अमेरिकी युद्धपोत और सैन्य जहाज प्रशांत महासागर में तैनात किए गए हैं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
इस बीच वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका की इस घेराबंदी को लेकर संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपने देश के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों को रोकने की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र ने भी इस मामले में दोनों देशों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



