दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, फरीदाबाद समेत कई इलाकों में बारिश; उमस भरी गर्मी से मिली राहत
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। फरीदाबाद, नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। दिल्ली के वसंत कुंज समेत कई इलाकों में भी बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, बारिश के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
दिल्ली में पिछले कुछ वर्षों के दौरान मानसून के बारिश पैटर्न में बदलाव देखने को मिला है। जून में प्री-मानसून बारिश कमजोर रहने लगी है, जबकि जुलाई और अगस्त में कम अवधि के दौरान तेज बारिश के दौर बढ़े हैं। वर्ष 2023 में जुलाई में रिकॉर्ड बारिश के बाद अगस्त अपेक्षाकृत सूखा रहा था। वहीं, 2024 से जुलाई और अगस्त दोनों महीनों में सामान्य से अधिक बारिश का सिलसिला देखने को मिला है।
इस साल 26 अगस्त तक जुलाई और अगस्त में कुल करीब 612 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी थी। दिल्ली में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 29 जून है, जबकि इस बार मानसून दो जुलाई को पहुंचा। इसके बाद बारिश की रफ्तार तेज रही। जुलाई में 258 मिलीमीटर और 26 अगस्त तक अगस्त में 354.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मानसून अवधि में अब तक कुल बारिश 653.9 मिलीमीटर तक पहुंच गई।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023 में जुलाई में 507.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो सामान्य से 141 प्रतिशत अधिक थी और 2003 के बाद जुलाई की सबसे अधिक बारिश थी। इसके विपरीत अगस्त में सिर्फ 91.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। वर्ष 2024 से बारिश के वितरण में बदलाव देखने को मिला। जुलाई लगभग सामान्य रहा, जबकि अगस्त में 390.3 मिलीमीटर बारिश हुई।
वर्ष 2025 में जुलाई और अगस्त दोनों महीनों में बारिश सामान्य से अधिक रही। अगस्त में 400.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 15 वर्षों में इस महीने का सर्वाधिक आंकड़ा बताया गया। वर्ष 2026 में भी तेज बारिश के दौर जारी रहे। चार से आठ अगस्त के बीच पांच दिनों में 224.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि 25 अगस्त को 24 घंटे के दौरान 99.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)