असली नोटों के बीच छिपाए थे करोड़ों के जाली नोट, पहली-आखिरी गड्डी असली और बीच में नकली; सामान्य स्याही-पेपर का इस्तेमाल
बरेली। पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में सामने आए 17 करोड़ रुपये के गबन मामले की जांच में जाली नोटों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि असली नोटों के बीच जाली नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी गई थीं, ताकि सामान्य जांच के दौरान नकली नोट आसानी से पकड़ में न आएं। मंगलवार को भारतीय रिजर्व बैंक की टीम ने करेंसी चेस्ट पहुंचकर कई घंटे तक जांच-पड़ताल की।
जांच के दौरान पांच लाख रुपये के ऐसे बंडल सामने आए, जिनमें 10 गड्डियों को मिलाकर एक बंडल तैयार किया गया था। इनमें से कई बंडलों में पहली और आखिरी गड्डी असली नोटों की थी, जबकि बीच की गड्डियों में जाली नोट रखे गए थे। कुछ गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट और बीच में जाली नोट लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
घंटाघर स्थित पीएनबी करेंसी चेस्ट में आरबीआई की टीम ने रैक में रखे नोटों की जांच की। बताया जा रहा है कि 500 रुपये के 100 नोटों की एक गड्डी में 50 हजार रुपये होते हैं और ऐसी 10 गड्डियों को मिलाकर पांच लाख रुपये का एक बंडल तैयार किया जाता है। इसी व्यवस्था का कथित तौर पर फायदा उठाकर जाली नोटों को असली नोटों के बीच छिपाने का खेल किए जाने की आशंका है।
जांच के दौरान शुरुआती रैक में रखे बंडल सामान्य मिले, लेकिन आगे की रैक में पहुंचने पर जाली नोटों वाली गड्डियां मिलने लगीं। जांच टीम अब ऐसे अन्य बंडलों की भी तलाश कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इसी तरह व्यवस्थित तरीके से जाली नोटों को असली नोटों के बीच रखा गया था।
सामान्य स्याही और पेपर का इस्तेमाल
जांच में यह भी सामने आया है कि करेंसी चेस्ट में मिले जाली नोटों को तैयार करने में सामान्य स्याही और पेपर का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, जांच टीम अब इन नोटों की गुणवत्ता और उनके स्रोत की जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जाली नोट कहां तैयार किए गए और उन्हें करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचाया गया।
मामले में आरोपी अधिकारियों के बैंक खाते सीज किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ जाली नोटों की संख्या, गबन की पूरी रकम और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)