डूसू चुनाव परिणाम के बाद हंगामा: हार के बाद समाजवादी छात्र सभा का प्रदर्शन, पुलिस से तीखी बहस और झड़प
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में किसी भी सीट पर जीत नहीं मिलने के बाद समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। रास्ता जाम करने को लेकर छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दरअसल, 18 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय में मतदान प्रक्रिया पूरी हुई थी और शनिवार को मतों की गिनती की गई। परिणाम में एबीवीपी के तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन विजयी रहे। एनएसयूआई और समाजवादी छात्र सभा के उम्मीदवार किसी भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सके।
परिणाम सामने आने के बाद समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान रास्ता जाम करने को लेकर पुलिस और छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में तीखी बहस के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच झड़प हुई।
डूसू चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास ने 24,576 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शोकीन को 30,615 मत मिले। सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी को 21,650 और संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह को 16,615 मत मिले। इस तरह चार प्रमुख पदों में से तीन पर एबीवीपी और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)