इंदौर में राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा, बोले- ‘भ्रष्ट परीक्षा व्यवस्था का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ता है’
इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा बजट में कमी, पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षा हर छात्र का अधिकार है और इसे बेहतर तरीके से संचालित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में पहले आईआईटी और स्कूलों जैसी संस्थाओं का विस्तार किया गया, लेकिन अब शिक्षा व्यवस्था को पीछे ले जाने का काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले शिक्षा पर बजट का 4.6 प्रतिशत खर्च होता था, जो अब घटकर 2.6 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के लिए आवंटित धन का बड़ा हिस्सा अरबपतियों के हाथों में चला गया।
उन्होंने कहा कि व्यवस्था को छात्रों से खतरा महसूस होता है, क्योंकि छात्र सवाल पूछता है। राहुल गांधी ने कई संस्थाओं और राजनीतिक परिवारों से जुड़े सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि जिज्ञासु छात्र सवाल करता है, जबकि उनके शब्दों में ‘अंधभक्त’ सवाल नहीं करता।
राहुल गांधी ने छात्रों और ‘अंधभक्तों’ की तुलना करते हुए कहा कि छात्र प्रेम, सम्मान, विनम्रता और निडरता की बात करता है, जबकि उनके अनुसार अंधभक्ति नफरत, अहंकार और डर को बढ़ावा देती है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और ईमानदारी को भी छात्रों की सोच से जोड़ा।
परीक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कुछ अभ्यर्थियों से भी गलतियां हुई हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण छात्रों का सिस्टम पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्ट लोग पैसे के लिए पेपर लीक करते हैं, जिसका असर लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार रहेगा तो उसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा कोई लग्जरी नहीं, बल्कि हर छात्र का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि बच्चों को शुरुआती शिक्षा से लेकर स्कूल, कॉलेज और रोजगार तक बेहतर अवसर मिलें। उनके मुताबिक शिक्षा देश की नींव है और हर छात्र को शिक्षा तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)