यूपी: चंद्रशेखर आजाद का बड़ा दावा- फार्म हाउस में मेरी हत्या की साजिश रची गई, उच्चस्तरीय जांच की मांग
लखनऊ। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की योजना बनाई गई थी। चंद्रशेखर ने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो जारी कर कहा कि उनके पास इस संबंध में सूचनाएं और स्रोत हैं। उन्होंने मांग की कि कथित हत्या की साजिश के साथ-साथ बाराबंकी में उनके काफिले से जुड़ी घटना की भी जांच की जाए और इसमें शामिल लोगों की भूमिका सामने लाई जाए।
दरअसल, 13 सितंबर को गोंडा में विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी में पुलिस ने रोक दिया था। इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। आजाद की पार्टी की ओर से बाद में घटना की निष्पक्ष जांच और उनकी सुरक्षा की समीक्षा की मांग की गई।
अपने बयान में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें मौत का डर नहीं है और वे संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों से भी डरने की जरूरत नहीं होने की बात कही। हालांकि, उनकी हत्या की कथित साजिश के दावे की पुष्टि के लिए किसी स्वतंत्र जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)