अमरोहा में 24 घंटे में दो हत्याओं से सनसनी, दीपपुर के जंगल में युवक का अधजला शव मिला; बाइक भी जलाई
अमरोहा। जिले में 24 घंटे के भीतर हत्या की दो घटनाओं से सनसनी फैल गई है। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के दीपपुर गांव के जंगल में रविवार सुबह गन्ने के खेत से एक युवक का लहूलुहान और अधजला शव बरामद हुआ। शव किसान सोविन्दर के ट्यूबवेल के पास पड़ा मिला। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव और उसकी मोटरसाइकिल में आग लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटनास्थल के हालात से पुलिस को आशंका है कि युवक को करीब पांच मीटर तक घसीटा गया था। मौके पर जली हुई मोटरसाइकिल भी मिली है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि शव और बाइक में आग लगाने के लिए पास से गुजर रहे बिजली के तारों का इस्तेमाल किया गया होगा। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
इससे एक दिन पहले आदमपुर थाना क्षेत्र के कोकापुर के मड़ैया निवासी किसान जोगेंद्र (28) की भी हत्या कर दी गई थी। लगातार दो हत्याओं के बाद पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)