धरनावदा स्कूल में छात्राओं के विरोध का असर, प्रभारी प्राचार्य ममता सोनी पद से हटाईं; गिरिराज प्रसाद जांगिड़ नए प्रभारी
पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धरनावदा की प्रभारी प्राचार्य ममता सोनी की तानाशाही और मनमानी के खिलाफ कलेक्टोरेट जनसुनवाई में छात्राओं और अभिभावकों के आक्रोश का असर अब साफ नजर आने लगा है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) गुना ने कड़ा एक्शन लेते हुए ममता सोनी को प्राचार्य पद के प्रभार से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है। उनकी जगह स्कूल के ही उच्च माध्यमिक शिक्षक गिरिराज प्रसाद जांगिड़ को संस्था के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
जनसुनवाई में फूटा था छात्राओं का गुस्सा, जांच रिपोर्ट के बाद गिरी गाज
उल्लेखनीय है कि 18 अगस्त को आयोजित कलेक्टोरेट जनसुनवाई में धरनावदा स्कूल की छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने उपस्थित होकर प्रभारी प्राचार्य ममता सोनी के खिलाफ मोर्चा खोला था। छात्राओं ने आरोप लगाए थे कि स्कूल में पढ़ाई का माहौल नहीं है, नियमित कक्षाएं नहीं चलतीं और विरोध करने पर प्रैक्टिकल में फेल करने व पुलिस कार्रवाई की धमकियां दी जाती हैं।
इसके पूर्व 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान भी छात्राओं द्वारा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए जाने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके आधार पर समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हुई थीं।
दो सदस्यीय जांच दल की अनुशंसा पर जारी हुआ आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दो सदस्यीय जांच दल गठित किया गया था। जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट (क्रमांक 697 दिनांक 18/08/2026) में स्पष्ट अभिमत दिया कि संस्था के सुचारू संचालन और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए प्राचार्य पद का प्रभार किसी अन्य वरिष्ठ शिक्षक को सौंपा जाना आवश्यक है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी गुना ने छात्रहित और लोकहित को प्राथमिकता देते हुए आदेश क्रमांक 9546 जारी कर ममता सोनी को प्रभार से हटाकर गिरिराज प्रसाद जांगिड़ को आगामी आदेश तक प्रभारी प्राचार्य का दायित्व सौंप दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)