अंतिम संस्कार में गया परिवार, पीछे से उसी घर में लाखों की चोरी; पारस मल्टी में चोरों ने ताला तोड़कर जेवर-नकदी उड़ाई

Wednesday, August 19, 2026 - 15:34
Updated: 3 days ago
0
अंतिम संस्कार में गया परिवार, पीछे से उसी घर में लाखों की चोरी; पारस मल्टी में चोरों ने ताला तोड़कर जेवर-नकदी उड़ाई

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वीरेंद्र नगर स्थित पारस मल्टी में चोरों ने एक ऐसे मकान को निशाना बनाया, जहां परिवार में हुई मौत के चलते सभी सदस्य अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 40 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी परिवार के लौटने पर हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार वीरेंद्र नगर निवासी भारत कुमार ओझा का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद 18 अगस्त को परिवार के सदस्य शव यात्रा और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए श्रीराम कॉलोनी स्थित मकान पर चले गए थे। वीरेंद्र नगर के पारस मल्टी स्थित मकान पर ताला लगा हुआ था। परिवार के सभी लोग अंतिम संस्कार में व्यस्त थे। इसी दौरान चोरों ने सूना मकान देखकर वारदात को अंजाम दिया।

परिवार के सदस्य जब वापस लौटे तो मकान के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर सामान देखा तो घर में रखे जेवरात और नकदी गायब थे। इसके बाद चोरी की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि चोर घर से चांदी की पायल के 2 जोड़े, करीब 400-400 ग्राम की 2 कमर पेटियां, चांदी के चूड़े, सोने के मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां सहित अन्य आभूषण ले गए। इसके अलावा घर में रखी करीब 40 हजार रुपए की नकदी भी चोरी होने की बात कही गई है। शिकायत में सोने-चांदी के अन्य आभूषणों का भी उल्लेख किया गया है।

परिजनों के मुताबिक चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत लाखों रुपए में है। परिवार में मृत्यु होने के कारण सभी लोग घर से बाहर थे और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस ने चोरी की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन भी पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User