बागला अस्पताल की इमरजेंसी होगी हाईटेक और विस्तारित, 5-7 की जगह 18 बेड की होगी व्यवस्था

Monday, August 10, 2026 - 17:50
Updated: 2 days ago
0
बागला अस्पताल की इमरजेंसी होगी हाईटेक और विस्तारित, 5-7 की जगह 18 बेड की होगी व्यवस्था

हाथरस, जनपदवासियों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बागला संयुक्त चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तारित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अस्पताल परिसर में संचालित एम0डी0टी0वी0 अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले लगभग दो माह से बागला अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े भवन के निचले तल को चिन्हित कर उसका जीर्णोद्धार एवं रिनोवेशन कराया जा रहा है, जिसमें इमरजेंसी को स्थानांतरित करने की तैयारी है। वर्तमान में इमरजेंसी में सीमित स्थान के कारण लगभग 5 से 7 बेड की ही व्यवस्था हो पाती थी तथा अतिरिक्त मरीजों को स्थिर करने के बाद वार्ड में भेजना पड़ता था। नई व्यवस्था के बाद यहां लगभग 18 बेड लगाए जा सकेंगे, जिससे एक साथ अधिक मरीजों को बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि नई इमरजेंसी में चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, वर्तमान व्यवस्था में आने वाले मरीजों के तीमारदारों के लिए पर्याप्त स्थान एवं उचित बैठने की व्यवस्था का अभाव था, जिसे नई इमरजेंसी में दूर किया जाएगा। तीमारदारों के लिए पृथक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होने से अस्पताल में भीड़ एवं अव्यवस्था को कम करने में सहायता मिलेगी। अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट को हाल ही में मा0 जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संचालित कराया गया है, जिससे अब ऑक्सीजन की आपूर्ति वहीं से की जा रही है। प्रस्तावित नई इमरजेंसी के निकट ही लगभग 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट भी तैयार की जा रही है। ऐसे में गंभीर अवस्था वाले मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर इमरजेंसी से तत्काल क्रिटिकल केयर यूनिट में स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार एवं मेडिकल मैनेजमेंट में काफी सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि नई इमरजेंसी बनने से बागला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों एवं तीमारदारों की भीड़ को व्यवस्थित करने में काफी मदद मिलेगी और अस्पताल कीआपात कालीन सेवाओं की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में संचालित आयुर्वेदिक/होम्योपैथिक चिकित्सालय को पुरानी आपातकालीन कक्ष में स्थानांतरित किये जाने हेतु कार्य योजना तैयार करने तथा परिसर से बी0एस0ए0 कार्यालय, डी0आई0ई0टी0 कार्यालय तथा सार्वजनिक पुस्तकालय को जोड़ने के लिए एक सुगम मार्ग को बनाये जाने हेतु अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, मार्ग बन जाने से छात्र-छात्राओं को पुस्तकालय जाने में असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आपातकालीन को संचालित करने संबंधी अवशेष कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे नई व्यवस्थाओं को जनपद की जनता को समर्पित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User