राजस्थान: निकाय चुनाव की मतगणना में रंगों से होगी अधिकारियों और एजेंटों की पहचान, बिना फोटोयुक्त आईडी प्रवेश नहीं
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना केंद्रों पर अधिकारियों, कर्मचारियों, काउंटिंग एजेंट और मीडिया कर्मियों की पहचान तथा प्रवेश व्यवस्था के लिए अलग-अलग रंग के पहचान पत्र और प्रवेश पत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना फोटोयुक्त पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पहचान पत्र प्रकोष्ठ की प्रभारी अधिकारी देवयानी ने बताया कि पीठासीन अधिकारियों और मतगणना पर्यवेक्षकों के लिए गुलाबी रंग का पहचान पत्र निर्धारित किया गया है। मतदान अधिकारियों और मतगणना सहायकों को हल्के हरे रंग का पहचान पत्र दिया जाएगा। वहीं काउंटिंग एजेंट के लिए पीले रंग का पहचान पत्र जारी किया गया है।
मीडिया कर्मियों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार गुलाबी रंग का अधिकृत प्रवेश पत्र जारी किया गया है। इसके अलावा मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए सफेद रंग का प्रवेश पत्र और वाहनों के लिए पीले रंग का वाहन प्रवेश पत्र निर्धारित किया गया है। अलग-अलग रंगों की इस व्यवस्था के जरिए मतगणना केंद्रों पर तैनात विभिन्न श्रेणियों के लोगों की पहचान और आवाजाही को व्यवस्थित रखा जाएगा।
बिना फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रवेश नहीं
प्रशासन ने साफ किया है कि मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य होगा। संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और काउंटिंग एजेंट को मतगणना के दौरान अपना निर्धारित पहचान पत्र साथ रखना होगा। पहचान पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)