अंबेडकर प्रतिमा के अपमान के विरोध में प्रदर्शन: जालंधर और होशियारपुर बंद, बाजारों में सन्नाटा; जाम में फंसी एंबुलेंस
जालंधर। लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से गुरुवार को जालंधर और होशियारपुर बंद का आह्वान किया गया। जालंधर में सुबह से रैनक बाजार, पटेल चौक समेत शहर के कई प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं। मंडी फेंटनगंज भी बंद रही। कुछ बैंक बंद रहे, जबकि कुछ में कामकाज जारी रहा। डीसी कार्यालय खुला रहा और शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शनकारी भगवान वाल्मीकि चौक पर एकत्र हुए और रैली के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक की ओर रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने खुले बाजारों में दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की। कंपनी बाग चौक समेत कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति चौक पर यातायात प्रभावित होने से एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। हालांकि, कुछ देर बाद एंबुलेंस को रास्ता दिलाकर वहां से निकाल दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने लोगों की परेशानी को देखते हुए हाईवे जाम नहीं करने का फैसला किया, जिससे शहर में यातायात पूरी तरह ठप नहीं हुआ।
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बताया कि बंद शाम पांच बजे तक रहेगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर और अस्पताल जैसी आपात सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज भी बंद नहीं करवाए गए हैं।
शहर में फिलहाल यातायात व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, भगवान वाल्मीकि चौक पर एक शराब का ठेका खुला दिखाई दिया, जबकि गुरु नानक मिशन चौक पर कुछ शोरूम और डी-मार्ट भी खुले रहे। वाल्मीकि समाज के नेताओं ने कहा कि प्रतिमा के अपमान के मामले में उचित कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)