पैकेटबंद खाने पर लगेगा लाल चेतावनी निशान, ज्यादा चीनी-नमक और सैचुरेटेड फैट वाले उत्पादों पर नजर
नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को लेकर सरकार अब सख्ती की तैयारी में है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ऐसे उत्पादों पर लाल रंग का छह-कोने वाला चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव सुप्रीम कोर्ट में दाखिल छह पेज के अनुपालन हलफनामे के जरिए रखा गया है।
प्रस्ताव के अनुसार, जिन पैकेटबंद खाद्य उत्पादों में तय सीमा से अधिक मात्रा में दो या उससे ज्यादा पोषक तत्व, जैसे अतिरिक्त चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक पाए जाएंगे, उन पर लाल रंग का हेक्सागोनल चेतावनी लेबल लगाया जा सकता है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को पैकेट के सामने ही उत्पाद में मौजूद अधिक मात्रा वाले पोषक तत्वों की स्पष्ट जानकारी देना है।
एफएसएसएआई के मुताबिक, प्रस्तावित चेतावनी लेबल तस्वीरों और आसान संकेतों के साथ तैयार किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ता बिना ज्यादा जानकारी पढ़े यह समझ सकें कि किसी उत्पाद में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक है।
इन चेतावनी लेबल के लिए पोषक तत्वों की सीमा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी आईसीएमआर और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन की ओर से जारी ‘भारतीयों के लिए डाइटरी गाइडलाइंस 2024’ के आधार पर तय किए जाने का प्रस्ताव है। इसका मकसद उपभोक्ताओं को पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय अधिक स्पष्ट और आसानी से समझ आने वाली जानकारी उपलब्ध कराना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)