मसूरी में खिला चटख धूप का रंग, बर्फीली हिमालयी चोटियां बनीं आकर्षण
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में अक्तूबर के खुशनुमा मौसम का पर्यटक भरपूर आनंद उठा रहे हैं। साफ आसमान के बीच हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां दूर से चमकती नजर आ रही हैं। दिन में गुनगुनी धूप और पहाड़ों से आती ठंडी हवा ने यहां के प्राकृतिक नजारों को और आकर्षक बना दिया है।
मौसम साफ रहने से शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों से हिमालय की पर्वत शृंखलाओं के शानदार दृश्य दिखाई दे रहे हैं। पर्यटक दूरबीन से बर्फीली चोटियों को निहार रहे हैं और कैमरों में इन खूबसूरत पलों को कैद कर रहे हैं। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप राहत दे रही है।
स्थानीय होटल कारोबारियों के अनुसार, अक्तूबर-नवंबर में साफ मौसम और सुहावनी धूप पर्यटकों को पहाड़ों की ओर आकर्षित करती है। इस दौरान मसूरी की वादियों, पहाड़ी रास्तों और दूर तक फैली पर्वत शृंखलाओं का नजारा सैलानियों के लिए खास अनुभव बन जाता है।
वहीं, लंबे सप्ताहांत के कारण मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से यातायात पर भी दबाव देखने को मिला। बुद्धा टेंपल मार्ग से अटल उद्यान तक कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। ऐसे में प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों को कुछ मार्गों पर यातायात संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)