किन्नौर में तीन ट्रकों की टक्कर, सेना के चार जवान घायल
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-505 पर मिलिंग के पास लिटीधार में सड़क हादसा हो गया। यहां सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच टक्कर होने से तीनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे में सेना के चार जवान घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। सेना के दोनों ट्रक सीमावर्ती क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिटीधार के पास उनकी एक सिविल ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के कारण तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर पलट गए।
हादसे के बाद घायल चारों जवानों को चांगो के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सिविल ट्रक का चालक सुरक्षित बताया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य में सहयोग किया।
पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पूह थाना पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल टक्कर किस वजह से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)