राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; दो बांध छलके, कई रपटें डूबीं
जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, वहीं कई बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। दो बांधों के छलकने की भी सूचना है।
सवाई माधोपुर, बारां, बूंदी और कोटा में कई जगह नदियों पर बनी रपटें पानी में डूब गईं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में रास्ते बंद होने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर नदी पार करते दिखाई दिए।
पिछले 24 घंटे में सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 102 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। करौली, भरतपुर और अलवर के कई इलाकों में करीब तीन इंच तक पानी बरसा। इसके अलावा अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, कोटा और भीलवाड़ा के कई हिस्सों में एक से दो इंच तक बारिश दर्ज की गई।
बारिश के चलते पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इससे दिन के समय भी मौसम सुहावना और ठंडा बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बारिश का यह दौर 8 सितंबर तक जारी रह सकता है। इसके बाद प्रदेश में करीब एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। फिलहाल लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)