दीवार फांदकर इंटर कॉलेज में पहुंचे राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर, पांच कमरों की छत गायब देख भड़के
सालपुर। ग्रामीणों की शिकायत पर सरकारी इंटर कॉलेज की हकीकत जानने पहुंचे राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर को रविवार को विद्यालय का गेट बंद मिला। स्टाफ के मौके पर नहीं पहुंचने के बाद मंत्री दीवार फांदकर कॉलेज परिसर में दाखिल हुए। अंदर का नजारा देखकर वह हैरान रह गए। निरीक्षण के दौरान पांच कमरों की छत गायब मिली, चाहरदीवारी टूटी हुई थी और छात्रों के लिए शौचालय तक की व्यवस्था नहीं मिली।
दरअसल, गांव सालपुर में सीआईएसएफ जवान विवेक डागुर की मौत के बाद परिजनों से मिलने पहुंचे राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर से ग्रामीणों ने सरकारी इंटर कॉलेज की बदहाल स्थिति की शिकायत की थी। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री अचानक विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंच गए।
रविवार होने के कारण कॉलेज का गेट बंद था। कर्मचारी को बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद राज्यमंत्री दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए। अंदर कई कमरों की छत गायब मिली, जबकि भवन के अन्य हिस्से भी जर्जर हालत में नजर आए। परिसर में जगह-जगह ऊंची घास और झाड़ियां उगी थीं तथा चाहरदीवारी भी कई स्थानों पर टूटी हुई थी।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं मिलने पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। विद्यालय के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा माना।
कॉलेज की बदहाली देखकर राज्यमंत्री ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य चंद्रभान सिंह को फोन किया और साफ-सफाई समेत विद्यालय की स्थिति पर नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से भी बात की।
राज्यमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में विद्यालय को मिले बजट और उस धनराशि से कराए गए कार्यों का पूरा हिसाब तलब किया है। अब कॉलेज की बदहाली के साथ-साथ पिछले वर्षों में मिले सरकारी बजट के इस्तेमाल की भी जांच की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)