मथुरा जन्माष्टमी 2026: कान्हा की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, बांकेबिहारी मंदिर में रात 1:45 बजे मंगला आरती
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर कान्हा की नगरी मथुरा कृष्ण भक्ति में डूबी हुई है। देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से लेकर वृंदावन तक हर ओर ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। श्रद्धालुओं के चेहरों पर भगवान के दर्शन की उत्सुकता और मन में भक्ति का भाव नजर आ रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आराध्य का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जन्मस्थान परिसर में श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
हरियाणा के होडल से भी श्रद्धालुओं का एक समूह जन्मभूमि पहुंचा। समूह के सदस्यों ने बताया कि वे हर वर्ष जन्माष्टमी पर मथुरा आते हैं और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करना उनके लिए विशेष आस्था का विषय है। श्रद्धालुओं के मुताबिक, जन्मभूमि में कान्हा के दर्शन करने के बाद वे दही-हांडी की मटकी अपने साथ होडल लेकर जाते हैं। वहां मंदिर में विशेष आयोजन के दौरान इसी मटकी को फोड़ा जाता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मथुरा की पावन धरती से दही-हांडी की मटकी ले जाकर भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी परंपरा निभाना उनके लिए आस्था और आनंद का विषय है।
उधर, जन्माष्टमी को देखते हुए वृंदावन में भी प्रशासन ने श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों की सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। शुक्रवार को डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने वृंदावन में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्री बांकेबिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और जूता घर समेत श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं की स्थिति देखी गई। श्री बांकेबिहारी मंदिर के प्रवेश और निकास द्वारों के साथ मंदिर को जोड़ने वाली प्रमुख गलियों का भी निरीक्षण किया गया।
जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन पर विशेष जोर दिया है। डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और मजबूत करने तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं।
वृंदावन में जन्माष्टमी के अवसर पर बांकेबिहारी मंदिर में विशेष दर्शन और पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहेगा। मंदिर की परंपरा के अनुसार रात करीब 1:45 बजे मंगला आरती होगी, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)