‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा महाराष्ट्र, गणेशोत्सव का आगाज; पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
मुंबई। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव का भव्य आगाज हो गया है। शहरों की गलियों से लेकर बड़े-बड़े सार्वजनिक पंडालों तक हर ओर ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया’ के जयकारे गूंज रहे हैं। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अपने घरों और सार्वजनिक पंडालों में स्थापित कर रहे हैं। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत पूरे राज्य में गणेशोत्सव को लेकर भक्तिमय माहौल दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। गणेशोत्सव के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुंबई में गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक उत्साह का भी बड़ा आयोजन है। लालबाग की गलियों से लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में सजे आकर्षक और भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अलग-अलग स्वरूपों और आकारों की गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही पूरी मायानगरी भक्ति के रंग में रंग गई है।
गणेशोत्सव को लेकर मुंबई के प्रमुख बाजारों में भी जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली। दादर, क्रॉफर्ड मार्केट और लोहार चॉल समेत कई बाजारों में श्रद्धालु पूजा सामग्री, फूलों की मालाएं, मिठाइयां और सजावट का सामान खरीदते नजर आए। घरों और पंडालों को सजाने के लिए पारंपरिक ‘मखर’ सहित विभिन्न सजावटी वस्तुओं की खरीदारी भी की गई।
मुंबई में लालबाग क्षेत्र गणेशोत्सव के दौरान हमेशा की तरह श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। लालबागचा राजा के अलावा चिंचपोकली, गणेश गली और तेजुकाया जैसे प्रसिद्ध गणपति पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
माटुंगा स्थित जीएसबी सेवा मंडल में भी गणपति की प्रतिमा को आकर्षक आभूषणों से सजाया गया है। यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और प्रतिदिन होने वाली पूजा-अर्चना में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
इसके अलावा मुंबई के तिलक नगर का सह्याद्री मंडल, दक्षिण मुंबई का फोर्ट विभाग सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल, अंधेरी की आजाद नगर सार्वजनिक उत्सव समिति और गिरगांव का खेतवाड़ी गणपति मंडल भी प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं। गणेशोत्सव के समापन पर अनंत चतुर्दशी के दिन श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन करेंगे। इस दौरान मुंबई में भव्य जुलूसों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)