गुना में धूमधाम से मना भगवान बलराम जन्मोत्सव, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा धाकड़-किरार-नागर समाज

Wednesday, September 2, 2026 - 22:06
Updated: 2 days ago
0
गुना में धूमधाम से मना भगवान बलराम जन्मोत्सव, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा धाकड़-किरार-नागर समाज

गुना। धाकड़-किरार-नागर समाज के तत्वावधान में कृषि के आराध्य देव भगवान बलराम जी का जन्मोत्सव बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए।

शोभायात्रा गायत्री मंदिर से शुरू होकर हनुमान चौराहा, हाट रोड, निचला बाजार और सदर बाजार होते हुए लक्ष्मीगंज के रास्ते मानस भवन पहुंची। जगह-जगह विभिन्न समाजों के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान बलराम जी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया। मानस भवन पहुंचने के बाद भगवान बलराम जी की महाआरती की गई।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाब सिंह किरार ने समाज को संबोधित करते हुए एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने के साथ-साथ गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहना चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, राठखेड़ा मुरैना के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनोजपाल, बदरवास मंडी अध्यक्ष उदम सिंह धाकड़, वरिष्ठ समाजसेवी बृजमोहन सिंह आजाद, मानसिंह परसोदा, प्रकाश सिंह धाकड़, संतोष धाकड़, रघुवीर किरार खड़गपुर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह किरार, महेंद्र किरार समरसिंहा, जिला धाकड़ महासभा के जिलाध्यक्ष मनोज धाकड़ सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

वक्ताओं ने भगवान बलराम जी के आदर्शों को अपनाने और समाज में शिक्षा, संगठन, भाईचारे तथा सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र पटवारी ने किया। शोभायात्रा और जन्मोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के अनेक लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User