ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होगी विजिलेंस जांच, केरल के गृह मंत्री ने दिया आदेश; 20 साल पुराने मामले की होगी पड़ताल
तिरुवनंतपुरम। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े वर्ष 2006 के एक पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू होने जा रही है। केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मामले में विजिलेंस और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (VACB) को जांच के निर्देश दिए हैं। यह मामला उस समय का है, जब ज्ञानेश कुमार केरल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के पद पर कार्यरत थे।
मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से जुड़ा है। ली सी बीन केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (KSTP) से जुड़े एक सड़क निर्माण प्रोजेक्ट में कार्यरत थे। गृह मंत्री के अनुसार, उनके कथित सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का नाम भी दर्ज होने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस दावे और मामले से जुड़े अन्य आरोपों की जांच अब विजिलेंस द्वारा की जाएगी।
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि उन्हें मामले से जुड़ी शिकायत में प्रथम दृष्टया पर्याप्त आधार नजर आया है। शिकायत के बाद उन्होंने विजिलेंस निदेशक को मामले की विस्तृत जांच करने और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जांच में यह भी देखा जाएगा कि 2006 में हुई प्रारंभिक जांच पर किसी बाहरी दबाव का असर पड़ा था या नहीं और क्या उस जांच को बीच में प्रभावित या रोक दिया गया था। गृह विभाग ने पुराने मामले से संबंधित रिकॉर्ड भी तलब किए हैं। बताया गया है कि उस समय विजिलेंस स्तर पर जांच हुई थी, लेकिन बाद में मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
यह मामला ऐसे समय फिर सामने आया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर राजनीतिक विवाद भी चल रहा है। हालांकि, मौजूदा विजिलेंस जांच 2006 में उनके केरल के PWD सचिव रहते हुए सामने आए आरोपों से संबंधित है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों और उस समय की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)