हिमाचल: किन्नौर के रांगले में रात के अंधेरे में हुआ दर्दनाक हादसा, खाई में समाई पिकअप; 27 वर्षीय चालक की मौत
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में रांगले के समीप सोमवार देर रात एक पिकअप वाहन करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 27 वर्षीय चालक और वाहन मालिक लवीस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चोलिंग-मीरू संपर्क सड़क पर रांगले बस अड्डे के पास रात करीब 1:15 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, लवीस मीरू से पिकअप लेकर रुनंग गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रांगले बस अड्डे के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना पुलिस को सोमवार सुबह मिली, जिसके बाद टापरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद करीब 100 मीटर गहरी खाई से शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी ले जाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक किन्नौर के अनुसार दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की सहायता राशि जारी की गई है। तहसीलदार टापरी ने इसकी पुष्टि की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)