कन्नौज में 16 करोड़ का सोना पकड़ा, हादसे ने खोला तस्करी का राज; 7 जिलों की पुलिस को चकमा देकर दिल्ली जा रही थी खेप
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे के बाद सोने की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। गोरखपुर से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार कार की पुलिस की सरकारी जीप से टक्कर हो गई। तलाशी के दौरान कार से 10 सोने की ईंटें बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 10.37 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
घटना शुक्रवार देर रात करीब दो बजे निकवा गांव के पास हुई। सकरावा थानाध्यक्ष ड्यूटी से लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही ब्रेजा कार ने उनकी सरकारी जीप में टक्कर मार दी। हादसे में पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। कार की जांच की गई तो उसमें सोने की ईंटों से भरा बैग मिला। इसके बाद जीएसटी और कस्टम विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया।
मामले में महराजगंज के ठूठीबारी निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल के पाल्पा जिले के हुंगी गांव निवासी सरोज पंथ को हिरासत में लिया गया है। दोनों सोने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ में खेप को दिल्ली के दरियागंज ले जाने की बात सामने आई है।
पूछताछ में चालक संदीप ने बताया कि उसे ठूठीबारी में परचून की दुकान चलाने वाले रियाज ने गोरखपुर पहुंचने के लिए कहा था। वहां उसकी मुलाकात सरोज पंथ से हुई, जिसके पास सोने से भरा बैग था। इसके बाद दोनों को कार से दिल्ली पहुंचना था।
बताया गया कि दिल्ली के दरियागंज में कार का नंबर और एक तय कोड देखकर किसी अज्ञात व्यक्ति को सोने की खेप सौंपनी थी। यानी डिलीवरी के लिए पहले से रूट और पहचान का तरीका तय था। पुलिस के मुताबिक, यह खेप महराजगंज और गोरखपुर से दिल्ली ले जाई जा रही थी और रास्ते में कई जिलों की पुलिस को चकमा देकर कार कन्नौज तक पहुंच गई।
बरामद 10 सोने की ईंटों का कुल वजन 10.37 किलोग्राम बताया गया है। मामले की जांच अब कस्टम और राज्यकर विभाग को सौंप दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक कस्टम विभाग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)