एएमयू में बिना नंबर की कार से शराब-गांजा मिलने पर हंगामा, छात्रों ने तोड़े शीशे; 4 बाहरी लोगों को पुलिस को सौंपा
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) परिसर में शनिवार रात बिना नंबर की एक कार में शराब की बोतल और गांजा मिलने के बाद हंगामा हो गया। कार में तीन युवक और एक युवती सवार थे। चारों के यूनिवर्सिटी के छात्र नहीं होने की बात सामने आई है। प्रॉक्टोरियल टीम ने चारों को पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 10:30 बजे एक कार तेज रफ्तार में यूनिवर्सिटी परिसर में दाखिल हुई। वीसी लॉज के पास छात्रों ने कार को रोक लिया और इसकी सूचना प्रॉक्टोरियल टीम को दी। मौके पर पहुंची टीम ने कार की तलाशी ली, जिसमें शराब की बोतल और गांजा मिलने की बात कही गई।
घटना के दौरान कार में सवार युवती के एक युवक से मारपीट करने की बात भी सामने आई। इसके बाद मौके पर मौजूद छात्रों ने कार के शीशे तोड़ दिए। घटना से नाराज छात्रों ने बाद में प्रॉक्टर कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया।
एएमयू के प्रॉक्टर प्रोफेसर मोहम्मद नवेद खान ने बताया कि बिना नंबर की कार से शराब की बोतल और गांजा बरामद हुआ है। कार में सवार चारों लोगों को पुलिस को सौंप दिया गया है और मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद एएमयू की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना नंबर की कार बाब-ए-सैयद गेट से परिसर के अंदर कैसे पहुंची। छात्रों का कहना है कि गेट पर तैनात कर्मचारियों ने वाहन की जांच और उसमें सवार लोगों के प्रवेश की वजह की पड़ताल क्यों नहीं की।
बताया जा रहा है कि परिसर में वाहनों के पंजीकरण और वाहन पास से जुड़ी व्यवस्था पहले से लागू है। ऐसे में बिना नंबर की कार के प्रवेश को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है। मई 2026 में भी बाहरी लोगों के कार से परिसर में प्रवेश को लेकर विवाद सामने आया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)