पटना के दियारा में बाढ़ का कहर: मकान गिरने से छह लोग दबे, ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला; तेज धार में बहा 54 वर्षीय अधेड़
पटना। बिहार की राजधानी पटना के मनेर के दियारा इलाके में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। किता चौहत्तर पूर्वी पंचायत के छिहत्तर गांव में बाढ़ के पानी से घिरे एक पक्के मकान के अचानक ढह जाने से अफरातफरी मच गई। हादसे के समय मकान में महेंद्र राय, परोजन राय, निर्मल राय समेत करीब आधा दर्जन लोग मौजूद थे और सभी मलबे में दब गए।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी है, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी की हालत खतरे से बाहर है।
पैक्स अध्यक्ष उपेंद्र कुमार के मुताबिक, इलाके में बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण मकान कमजोर हो गया था। इसी वजह से उसके अचानक गिरने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस बीच मनेर के दुधैला गांव में एक अलग हादसे की सूचना सामने आई है। 54 वर्षीय एक अधेड़ राशन लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में तेज बहाव की चपेट में आने के बाद बह गया। घटना के बाद से उसका पता नहीं चल पाया है और उसकी तलाश की जा रही है।
अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने मकान गिरने की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव के लिए टीम भेजी गई है। प्रशासन की टीम पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मनेर के दियारा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बाढ़ के पानी के बीच ग्रामीणों के सामने आवागमन, भोजन और सुरक्षित ठिकाने की समस्या बनी हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)