छिंदवाड़ा दौरे पर मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन, CMHO, तहसीलदार और पटवारी निलंबित

Friday, August 7, 2026 - 21:45
Updated: 3 days ago
0
छिंदवाड़ा दौरे पर मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन, CMHO, तहसीलदार और पटवारी निलंबित

छिंदवाड़ा(आरएनआई)मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा दौरे के दौरान जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर मुख्यमंत्री ने प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), एक तहसीलदार और हल्का नंबर-2 के एक पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री द्वारा निलंबित किए गए अधिकारियों में प्रभारी CMHO डॉ. नरेश गुजराड़े, तहसीलदार सुनेना ब्रह्मे और पटवारी सिद्धांत साहू शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण न होने और राजस्व मामलों में लापरवाही के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है।

डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अब केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय उन्हें क्षेत्र में जाकर जमीनी स्थिति का आकलन करना होगा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जनप्रतिनिधि और अधिकारी क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में वर्षों से लंबित पदोन्नति के मामलों को सरकार ने प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और जिन कर्मचारियों की पदोन्नति अभी शेष है, उनकी प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को भी गति देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार सुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही या शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User