अमरावती अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से आग, 3 नवजातों की मौत; 39 बच्चों को कराया गया रेस्क्यू

Monday, August 24, 2026 - 11:11
0
अमरावती अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से आग, 3 नवजातों की मौत; 39 बच्चों को कराया गया रेस्क्यू

महाराष्ट्र के अमरावती में सोमवार तड़के एक सरकारी अस्पताल के विशेष नवजात शिशु देखभाल यूनिट (एसएनसीयू) में आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के समय वार्ड में 39 नवजात भर्ती थे।

जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद लगी। आग और धुएं की सूचना मिलते ही डॉक्टर, नर्स और अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान बच्चों को लगे चिकित्सा उपकरणों को हटाकर उन्हें प्रभावित वार्ड से बाहर ले जाया गया। हादसे में छह नवजातों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अमरावती के पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मुताबिक, एसएनसीयू में तीन अलग-अलग हिस्से हैं, जिनमें जन्म के तुरंत बाद भर्ती किए गए बच्चों, बाहर से लाए गए नवजातों और डिस्चार्ज के लिए तैयार बच्चों की देखभाल की जाती है। घटना के समय इन तीनों हिस्सों में कुल 39 बच्चे भर्ती थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और डीसीपी भी मौके पर पहुंचे। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने और संभावित लापरवाही की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और अमरावती के प्रभारी मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नवजातों की मौत पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User