एमपी के मोहि घाट में 10 मिनट के भीतर दो बस हादसे, 22 से अधिक यात्री घायल; छह की हालत गंभीर, नागपुर रेफर
मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले के मोहि घाट में सोमवार सुबह कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो यात्री बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। इस दोहरे सड़क हादसे में 22 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 15 से ज्यादा लोग बसों के भीतर फंस गए। पुलिस, स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बसें भोपाल और इंदौर से यात्रियों को लेकर पांढुर्णा की ओर जा रही थीं। हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। मोहि घाट के ढलान वाले हिस्से में पहले एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई और करीब 10 मिनट बाद दूसरी बस भी हादसे का शिकार हो गई। लगातार दो बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, राहगीर, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कई यात्री बसों के भीतर फंसे हुए थे, जिन्हें शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर बाहर निकाला गया। करीब एक घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से पांढुर्णा सिविल अस्पताल तथा आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार कई यात्रियों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से छह यात्रियों की हालत नाजुक होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
हादसे में घायल यात्री अशफाक खुर्शीद ने बताया कि दुर्घटना के समय बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी और सड़क पर तेल भी फैला हुआ था। चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बारिश और सड़क पर फैले तेल को हादसे की संभावित वजह बताया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



