हिमाचल में शीतलहर तेज, सोलन समेत पांच स्थानों पर तापमान माइनस में

Jan 5, 2026 - 12:45
 0  189
हिमाचल में शीतलहर तेज, सोलन समेत पांच स्थानों पर तापमान माइनस में

शिमला (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते दिन चंबा और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद ठंड और अधिक बढ़ गई है।

राज्य में 20 से अधिक स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि सोलन सहित पांच स्थानों पर पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। राजधानी शिमला में भी रात का तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसेरी में यह माइनस 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर के पूह क्षेत्र में स्थित नाको झील पूरी तरह जम गई है, जहां पर्यटक बर्फ पर स्केटिंग का आनंद ले रहे हैं। चंबा जिले के किलाड़, चस्क, सुराल, परमार भटौरी और हुडान जैसे ऊपरी इलाकों में 7 से 15 सेंटीमीटर तक हिमपात दर्ज किया गया है।

रोहतांग दर्रा, कोकसर, सिस्सू और अटल टनल रोहतांग के आसपास भी शाम के समय बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ, वहीं कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ गिरने की सूचना है।

ठंड का असर मैदानी क्षेत्रों में भी साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को घने कोहरे के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से ऊना करीब आधा घंटा देरी से पहुंची। कालाअंब, पांवटा साहिब और नाहन में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जबकि कांगड़ा में धुंध और सुंदरनगर में घना कोहरा दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि 11 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला और अन्य क्षेत्रों में आज दिनभर धूप खिली हुई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है।

इस बीच मंडी जिले के औट बाजार के पास ठंड से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। औट पुलिस ने गेटवे होटल के पास से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण अत्यधिक ठंड बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रदेश में बढ़ती ठंड और बर्फबारी के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.