हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा: रामपुर में खाई में गिरी एचआरटीसी की बस, एक युवक की मौत; 18 घायल
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर बुशहर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सनेई से रामपुर जा रही बस सुबह करीब 7:45 बजे राय के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक और परिचालक समेत करीब 20 लोग सवार बताए जा रहे थे।
इस दुर्घटना में कराली गांव निवासी युवक वंश की मौत हो गई। बताया गया कि उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। हादसे में 18 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें दो यात्रियों को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और निजी वाहनों के जरिए रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल पहुंचाया। बाद में एंबुलेंस और पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा रामपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर हुआ। सड़क से नीचे गिरने के बाद बस एक गोशाला के पीछे जाकर रुक गई। इससे बस के और नीचे जाने का खतरा टल गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। बस चालक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)