सूचना विभाग में फर्जीवाड़े का मामला: आउटसोर्सिंग कम्प्यूटर ऑपरेटर इटावा से गिरफ्तार
मथुरा (आरएनआई)। जिला सूचना विभाग में सरकारी बिलों में फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आउटसोर्सिंग कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी धन के दुरुपयोग के प्रयास का आरोपित कई दिनों से फरार चल रहा था, जिसे गुरुवार तड़के इटावा से दबोच लिया गया।
थाना सदर बाजार पुलिस के अनुसार आरोपी नारायन सिंह (27) पुत्र स्वर्गीय भीम सिंह, निवासी चौमुहा मनीथोक थाना जैत, मथुरा, जिला सूचना विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने जिला सूचना अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर बिल तैयार किए और सरकारी धन के दुरुपयोग की कोशिश की।
इस मामले में जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 37/26 दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना पुलिस की टीम ने इटावा जनपद के एकदिल थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में दबिश दी। गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी थाना जमुनापार में आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में एक अन्य मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उससे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोनू कुमार, उपनिरीक्षक नितिन शर्मा, हेड कांस्टेबल उपदेश यादव और कांस्टेबल अंकुर यादव की टीम ने अंजाम दिया।
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद सूचना विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक आउटसोर्सिंग कर्मी को इतनी पहुंच कैसे मिल गई कि वह अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर सके। साथ ही यह भी चर्चा है कि क्या विभागीय निगरानी व्यवस्था कमजोर थी और क्या इस पूरे फर्जीवाड़े में कोई अन्य लोग भी शामिल हैं।
सूत्रों का मानना है कि यदि मामले की गहन जांच की जाए तो इस फर्जीवाड़े के पीछे छिपे अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि जांच के दौरान इस मामले से जुड़े कई और तथ्य सामने आएंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)