सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादें, प्राथमिकता से निस्तारण के दिए निर्देश
हरदोई (आरएनआई) तहसील बिलग्राम में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों को लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मुख्यमंत्री द्वारा भी शिकायतों के निस्तारण को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर शिकायतों के समाधान में लापरवाही या हीलाहवाली पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में जन समस्याएं सुनें और उनका प्राथमिकता से समाधान करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुना और संबंधित थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, ईओ, सीडीपीओ, थानाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)