विजयपुर स्टेशन पर बड़ा हादसा: यूरिया से लदी मालगाड़ी के डीजल इंजन में लगी आग, 11 घंटे बाधित रहा रेल यातायात

Sunday, April 26, 2026 - 13:42
Updated: 6 months ago
0
विजयपुर स्टेशन पर बड़ा हादसा: यूरिया से लदी मालगाड़ी के डीजल इंजन में लगी आग, 11 घंटे बाधित रहा रेल यातायात

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मक्सी–रुठियाई रेल ट्रैक पर स्थित विजयपुर स्टेशन पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जब एनएफएल प्लांट से यूरिया लेकर निकली मालगाड़ी के डीजल इंजन में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 9:05 बजे हुए इस हादसे में लोको पायलट जयपाल सिंह मीणा और उनके सहायक मुकेश कुमार मीणा ने सूझबूझ दिखाते हुए इंजन को बंद किया और कूदकर अपनी जान बचाई।

आग इतनी तेजी से भड़की कि उसकी लपटों की गर्मी से ट्रैक पर लगे ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) के नौ खंभों की लाइन जलकर टूट गई और नीचे गिर गई। इस कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और करीब 11 घंटे तक ट्रैक बाधित रहा। शुरुआती करीब 5 घंटे 50 मिनट तक ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही, जिससे कई यात्री ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों और आउटर पर खड़ी रहीं।

हादसे के बाद रेलवे की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और गुना व ब्यावरा से आई टावर बैगन मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन को बदलने का काम रातभर चलता रहा। ट्रांजेक्शन डिस्ट्रीब्यूशन ऑफ रेलवे (टीआरडी) और इंजीनियरिंग टीमों ने लगातार मेहनत कर शनिवार सुबह करीब 8:20 बजे ट्रैक को पूरी तरह से चालू कर दिया, जिसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।

इस दौरान झांसी–बांद्रा साप्ताहिक एक्सप्रेस, इंदौर–अमृतसर एक्सप्रेस, रतलाम–भिंड इंटरसिटी समेत कई प्रमुख ट्रेनें घंटों तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत डीजल इंजनों की मदद से ट्रेनों को खींचकर आगे बढ़ाया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मक्सी–रुठियाई ट्रैक के विद्युतीकरण के बाद यह पहली घटना है, जब किसी डीजल इंजन में आग लगने से ओएचई लाइन को इतना नुकसान हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल मंडल भोपाल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उनकी निगरानी में मरम्मत कार्य पूरा किया गया।

रेल मंडल भोपाल के डीआरएम पंकज त्यागी ने बताया कि इंजन में तकनीकी खराबी के चलते स्पार्किंग हुई, जिससे आग लगी। हालांकि, रेलवे टीमों की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया और ट्रैक को जल्द बहाल कर दिया गया। इस घटना में चार से पांच यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User