नासा फेलो से गनमैन तक: वॉशिंगटन फायरिंग आरोपी कोल टॉमस एलन की कहानी, साजिश पर अब भी सस्पेंस
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान वॉशिंगटन हिल्टन होटल में हुई इस घटना के बाद अब आरोपी की पहचान कोल टॉमस एलन के रूप में सामने आई है, जिसकी पृष्ठभूमि ने सभी को चौंका दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी है और पहले एक मेधावी छात्र तथा शोध से जुड़ा रहा है। बताया जा रहा है कि उसने कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की और बाद में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया। वह नासा जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में समर रिसर्च फेलोशिप का हिस्सा भी रह चुका है। इसके अलावा, वह पार्ट-टाइम शिक्षक के रूप में भी कार्य कर चुका है।
घटना शनिवार रात उस समय हुई जब डोनाल्ड ट्रंप कार्यक्रम में मौजूद थे और होटल में करीब 2500 लोग उपस्थित थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी सुरक्षा जांच बिंदु को पार कर बॉलरूम की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था। हालांकि सतर्क सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते उसे रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए। जैसे ही वह सुरक्षा घेरे को पार करने की कोशिश कर रहा था, यूएस सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे काबू में कर लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक अधिकारी के बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित रहा।
फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी के मकसद और संभावित साजिश की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। यह साफ नहीं हो सका है कि वह किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा था या अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद ऐसे घटनाक्रम कैसे संभव हो जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



