राम मंदिर ट्रस्ट में हलचल: व्यवस्थापक गोपाल राव ने छोड़ा मंदिर परिसर, कारसेवक पुरम में हुए शिफ्ट
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े घटनाक्रम के बीच एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक गोपाल राव ने मंदिर परिसर छोड़ दिया है और 6 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक के दौरान ही कारसेवक पुरम में शिफ्ट हो गए थे।
बताया जा रहा है कि गोपाल राव को ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य के पद से पहले ही हटा दिया गया था। इसके साथ ही उनका कार पास भी सरेंडर करा दिया गया है, जिसके बाद मंदिर परिसर में उनकी प्रशासनिक गतिविधियां समाप्त हो गई हैं। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट में हाल में हुए प्रशासनिक बदलावों और चढ़ावा प्रकरण के बाद हुए फेरबदल के बीच गोपाल राव का मंदिर परिसर छोड़ना कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है। हालांकि, उनके स्थानांतरण और अधिकारों में बदलाव के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी से मिलने के लिए रामनगरी के संतों का एक प्रतिनिधिमंडल वैदेही भवन पहुंचा, जहां बंद कमरे में बैठक हुई। इसी दौरान गोपाल राव भी गोविंद देव गिरी से मुलाकात करने पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए संतों के साथ संवाद और समन्वय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, अयोध्या राजपरिवार से जुड़े यतींद्र मोहन मिश्रा भी बैठक स्थल पर मौजूद रहे। चर्चा है कि उन्हें ट्रस्ट के एक रिक्त पद पर नए सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में भी अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)