मुजफ्फरपुर डीएम का बड़ा एक्शन : कार्य में लापरवाही बरतने पर मुसहरी के दो राजस्व कर्मी निलंबित

Wednesday, June 25, 2025 - 19:19
Updated: 1 year ago
0
मुजफ्फरपुर डीएम का बड़ा एक्शन : कार्य में लापरवाही बरतने पर मुसहरी के दो राजस्व कर्मी निलंबित

मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने राजस्व कार्यो के निष्पादन में तेजी एवं सुधार लाने हेतु नियमित रूप से  साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर तथा अंचल कार्य का निरीक्षण कर उल्लेखनीय प्रगति लाई है. इसके फलस्वरूप जनता के कार्यों का मिशन मोड में तेज गति से निष्पादन किया जा रहा है. इससे एक ओर जनता के राजस्व मामलों के निष्पादन में काफी  तेजी लाई गई है तो दूसरी ओर जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को चिन्हित कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जनता के प्रति जवाबदेह एवं संवेदनशील बनाया गया है.

इस क्रम में उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी ने मुसहरी अंचल के दो राजस्व कर्मचारी को कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने  के कारण निलंबित कर दिया है.

ज्ञातव्य हो कि जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यो का समयबद्ध निष्पादन करने तथा अंचल के कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी को मुसहरी अंचल का विजिट कर प्रगति लाने का निर्देश दिया था. तदनुसार अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी द्वारा 19 जून को मुसहरी अंचल की समीक्षा की गई जिसमें पाया गया कि मुसहरी अंचल के राजस्व कर्मचारी राजू कुमार द्वारा जमाबंदी में छेड़छाड़ की गई है तथा राजस्व कार्य में अभिरुचि नहीं ली जा रही है. इसके अतिरिक्त मुसहरी अंचल के राजस्व कर्मचारी अंगद कुमार के द्वारा भी राजस्व  मामलों के निष्पादन में जानबूझकर कोताही एवं लापरवाही बरतने का मामला पाया गया. उक्त आशय का जांच प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी द्वारा जिला पदाधिकारी को समर्पित किया गया.

जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन एवं लापरवाह रहनेवाले कर्मी के मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों राजस्व कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

साथ ही अंचल अधिकारी मुसहरी को दोनों राजस्व कर्मी के विरुद्ध प्रपत्र 'क' गठित कर अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी के माध्यम से एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही आरंभ की जा सके.

निलंबन अवधि में अंगद कुमार का मुख्यालय औराई अंचल तथा राजू कुमार का मुख्यालय साहेबगंज अंचल निर्धारित किया गया है.

जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी अधिकारी एवं कर्मी सरकारी दिशा निर्देश के अनुरूप पूरी जवाबदेही से जनता के कार्य का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करें। कार्य में कोताही एवं लापरवाही बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मी बख्से नहीं जाएंगे बल्कि दोषी को चिन्हित कर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User