बेटे पार्थ के साथ मुंबई पहुंचीं सुनेत्रा पवार, आज ले सकती हैं महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

Jan 31, 2026 - 12:22
 0  648
बेटे पार्थ के साथ मुंबई पहुंचीं सुनेत्रा पवार, आज ले सकती हैं महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

मुंबई (आरएनआई) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की नेता और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार शनिवार सुबह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं। वह दक्षिण मुंबई स्थित अपने दिवंगत पति अजित पवार के आधिकारिक आवास ‘देवगिरी’ पहुंचीं। आज उन्हें महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

62 वर्षीय सुनेत्रा पवार फिलहाल महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर मुंबई में एनसीपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें उन्हें औपचारिक रूप से नेता चुना जा सकता है। इसके बाद उनके उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का रास्ता साफ होगा। वरिष्ठ एनसीपी नेता और कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने भी संकेत दिए हैं कि पार्टी विधायक दल की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में एक विमान हादसे में एनसीपी प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में तेज हलचल देखी जा रही है। उनके निधन के बाद पार्टी के भविष्य और नेतृत्व को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी बीच सुनेत्रा पवार का नाम उप मुख्यमंत्री पद के लिए सामने आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी (शरद पवार गुट) और शरद पवार परिवार के कुछ सदस्यों को इस फैसले की पूर्व जानकारी नहीं थी। हालांकि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का नेतृत्व कर रही भाजपा ने इस फैसले को समर्थन देने का संकेत दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में कहा था कि एनसीपी उप मुख्यमंत्री पद को लेकर जो भी निर्णय लेगी, भाजपा उसका समर्थन करेगी और अजित पवार के परिवार के साथ खड़ी है।

सुनेत्रा पवार का सक्रिय राजनीति में प्रवेश अपेक्षाकृत हाल का है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बारामती सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सुप्रिया सुले से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया, जहां से वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय रहीं। अब उप मुख्यमंत्री पद की संभावित जिम्मेदारी उनके राजनीतिक करियर का नया अध्याय मानी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.