‘पूरी होनी चाहिए अजित की इच्छा’: एनसीपी विलय पर शरद पवार का बड़ा बयान, 12 फरवरी तय थी तारीख

Jan 31, 2026 - 12:23
 0  378
‘पूरी होनी चाहिए अजित की इच्छा’: एनसीपी विलय पर शरद पवार का बड़ा बयान, 12 फरवरी तय थी तारीख

बारामती (आरएनआई) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) प्रमुख शरद पवार ने एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को एकजुट करना उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार की इच्छा थी और इस दिशा में बातचीत आगे बढ़ चुकी थी। पवार ने बताया कि विलय की तारीख भी तय हो गई थी, जो 12 फरवरी निर्धारित की गई थी।

बारामती में आयोजित प्रेस वार्ता में शरद पवार ने कहा कि अजित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों गुटों के बीच बातचीत शुरू की थी। उन्होंने कहा, “अब हमें लगता है कि उनकी इच्छा पूरी होनी चाहिए। दोनों गुटों को साथ लाने की प्रक्रिया चल रही थी और 12 तारीख तय की गई थी। दुर्भाग्य से अजित उससे पहले ही हमें छोड़कर चले गए।”

सुनेत्रा पवार के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की खबरों पर शरद पवार ने अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है और उन्हें यह बात मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए पता चली। उन्होंने कहा, “हमें शपथ ग्रहण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह फैसला एनसीपी ने लिया होगा।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे नेताओं ने इस दिशा में पहल की होगी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या पवार परिवार का कोई सदस्य संभावित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होगा, तो उन्होंने दोहराया कि उन्हें कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं है।

एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर शरद पवार ने साफ कहा कि ऐसी बातें मीडिया में चल रही हैं, लेकिन वास्तविकता में ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ध्यान पार्टी के अंदरूनी मसलों और आगे की दिशा तय करने पर है।

इस दौरान शरद पवार अपने भतीजे अजित पवार को याद कर भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि अजित पवार एक सक्षम और जमीनी नेता थे, जो लोगों की समस्याओं को गंभीरता से समझते थे और समाधान के लिए निरंतर काम करते थे। उन्होंने कहा कि बारामती की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया और उनके निधन से गहरा शोक है।

शरद पवार ने आगे कहा कि अब समय है कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और कार्यशैली को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि परिवार की नई पीढ़ी उनकी विरासत को आगे ले जाएगी और जनता की सेवा जारी रखेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.