बिहार–झारखंड सीमा पर बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी के 8 डिब्बे बेपटरी, तीन नदी में गिरे; परिचालन ठप
मुंगेर (आरएनआई)। बिहार–झारखंड सीमा पर जसीडीह–झाझा मुख्य रेलखंड पर शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। रात करीब 11:25 बजे जसीडीह से झाझा की ओर जा रही एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बडुआ नदी पर बने पुल के समीप हुई, जहां मालगाड़ी के तीन डिब्बे सीधे पुल के नीचे जा गिरे। हादसे की तेज आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इसके चलते जसीडीह–झाझा रेलखंड पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को बीच रास्ते विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की तैयारी की जा रही है। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीमें और दुर्घटना राहत दल मौके पर पहुंच गए। क्रेन और भारी मशीनों की मदद से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, प्राथमिक जांच में ट्रैक या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के असली कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा। फिलहाल मरम्मत पूरी होने के बाद ही इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही बहाल हो पाएगी।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि आसनसोल मंडल के लाहाबन–सिमुलतला स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 344/05 पर यह हादसा हुआ, जिसमें 27 दिसंबर की रात एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से दुर्घटना राहत ट्रेनें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई थीं और रेल परिचालन बहाल करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)