'खेला होबे दिवस' की जगह अब 'आयुष्मान दिवस', पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा फैसला

Jul 13, 2026 - 14:15
 0  54
'खेला होबे दिवस' की जगह अब 'आयुष्मान दिवस', पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा फैसला

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने 16 अगस्त को अब 'खेला होबे दिवस' के बजाय 'आयुष्मान दिवस' के रूप में मनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि इसी दिन राज्य में केंद्र की आयुष्मान भारत योजना और राज्य की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना को एक साथ लागू किया जाएगा। यह दिन भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने का भी प्रतीक होगा।

पूर्वी मेदिनीपुर जिले के तमलुक में आयोजित भाजपा की एक संगठनात्मक बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पिछली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार 16 अगस्त को 'खेला होबे दिवस' के रूप में मनाती थी, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को समाप्त करते हुए इसे 'आयुष्मान दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा जल्द जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने 16 अगस्त को कोलकाता के इतिहास का "काला दिन" बताते हुए कहा कि इसी तारीख को वर्ष 1946 में तत्कालीन बंगाल के मुख्यमंत्री हुसैन शहीद सुहरावर्दी के कार्यकाल में 'ग्रेट कलकत्ता किलिंग्स' हुई थी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस दिन को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का निर्णय लिया है।

16 अगस्त 1946 को ऑल इंडिया मुस्लिम लीग द्वारा 'डायरेक्ट एक्शन डे' के आह्वान के बाद कोलकाता में व्यापक सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। यह हिंसा कई दिनों तक चली, जिसमें हजारों लोग मारे गए, बड़ी संख्या में लोग घायल हुए और हजारों परिवार विस्थापित हो गए। इतिहासकार इस घटना को भारत के विभाजन से पहले की सबसे भीषण सांप्रदायिक घटनाओं में से एक मानते हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि 16 अगस्त से आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के संयुक्त क्रियान्वयन के जरिए अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.