खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, अवैध एम-सैंड परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

Jul 13, 2026 - 23:03
Jul 13, 2026 - 23:11
 0  0
खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, अवैध एम-सैंड परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को गुना क्षेत्र में खनिज विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बिना वैध रॉयल्टी के एम-सैंड का परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।

निरीक्षण के दौरान वाहन चालक द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया। प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला खनिज अधिकारी सचिन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन तथा रॉयल्टी के दुरुपयोग पर विभाग की सतत निगरानी बनी हुई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण एवं आकस्मिक जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने जिले के समस्त खनिज भंडारण एवं विक्रय से जुड़े व्यापारियों से अनुरोध किया है कि खनिज के क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित आवश्यक अनुमति एवं वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत ही व्यापार करें। बिना वैध अनुमति अथवा नियमों के विपरीत खनिज का भंडारण या विक्रय किए जाने की स्थिति में मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित व्यापारी की स्वयं होगी।

उक्त कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय चक्रवर्ती सहित विभागीय अमले की सक्रिय भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0