केसरी रेलवे स्टेशन के पास रसोई में गैस रिसाव से धमाका, दीवार ढही; युवक गंभीर रूप से झुलसा
हरियाणा के केसरी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक मकान की रसोई में गैस रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो गया। खाना गर्म करने के दौरान गैस ने आग पकड़ ली और सिलिंडर के पाइप में हुए तेज धमाके से रसोई की पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
घायल की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। वह खाना खाने के लिए घर आया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंद रसोई में गैस रिसाव होने से पहले ही गैस भर चुकी थी। जैसे ही दीपक ने खाना गर्म करने के लिए आग जलाई, गैस ने तुरंत आग पकड़ ली। कुछ ही सेकेंड बाद सिलिंडर का पाइप तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे रसोई और मकान की दीवार ढह गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दरवाजे और मलबा दूर तक जा गिरा।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे तथा धुएं के बीच फंसे दीपक को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए नागरिक अस्पताल से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल के पिता पवन सिंह ने बताया कि हादसे के समय घर में केवल वह और उनका बेटा मौजूद थे, जबकि दीपक की मां दवा लेने बाहर गई हुई थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण रसोई में गैस रिसाव माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



