चीन में बाढ़ का कहर: सड़कों पर तैरती दिखीं गाड़ियां, ट्रेन सेवाएं प्रभावित; प्रशासन ने जारी किया रेड अलर्ट

Tuesday, July 14, 2026 - 12:50
0
चीन में बाढ़ का कहर: सड़कों पर तैरती दिखीं गाड़ियां, ट्रेन सेवाएं प्रभावित; प्रशासन ने जारी किया रेड अलर्ट

चीन के उत्तरी हेबेई और पूर्वोत्तर लियाओनिंग प्रांत में टाइफून के बाद आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, तेज बहाव में गाड़ियां बहती नजर आईं और प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। कई क्षेत्रों में ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

स्थानीय मीडिया और रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, हेबेई के कुआनचेंग काउंटी में जलस्तर दो मीटर से अधिक पहुंच गया। बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन सड़क पर बहते और आपस में टकराते दिखाई दिए। यह स्थिति इस वर्ष चीन की मुख्य भूमि से टकराने वाले सबसे शक्तिशाली तूफानों में शामिल टाइफून बावी के बाद उत्पन्न हुई।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तूफान के प्रभाव से जिलिन, लियाओनिंग, हेबेई, शेडोंग, जियांग्सू और अनहुई प्रांतों में मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। इन क्षेत्रों में पहले से जलभराव होने के कारण बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।

सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, केवल कुआनचेंग क्षेत्र में करीब 1,800 ग्रामीण फंसे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और राहत कार्य तेज करना फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

लियाओनिंग प्रांत में अचानक आई बाढ़ को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हेबेई प्रशासन ने भारी बारिश के दौरान सभी प्रकार के निर्माण कार्य, व्यावसायिक गतिविधियां और सार्वजनिक सभाएं तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में बाढ़ का अलग ही दृश्य देखने को मिला। लियाओनिंग के शेनयांग शहर में कुछ लोग जलमग्न सड़कों पर तैरते और पैडल बोर्डिंग करते नजर आए, जबकि प्रशासन लगातार लोगों से जोखिम वाले इलाकों से दूर रहने की अपील कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User