उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, 132 सड़कें बंद; कई नदियां चेतावनी स्तर के करीब, आज भी येलो अलर्ट
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और भूधंसाव के कारण 132 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर चेतावनी रेखा के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज से अत्यंत तेज बारिश, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित मैदानी जिलों में भी बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में चार राष्ट्रीय राजमार्ग, चार राज्य राजमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग समेत कुल 132 सड़कें बंद हैं। चमोली में सबसे अधिक 24 सड़कें प्रभावित हैं, जबकि पौड़ी में 17, टिहरी में 16, उत्तरकाशी में 15, बागेश्वर में 11, देहरादून में 10 और अन्य जिलों में भी कई मार्ग अवरुद्ध हैं। लोक निर्माण विभाग बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है।
बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है, जबकि ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा से 25 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण त्रिवेणी घाट और परमार्थ निकेतन का आरती स्थल जलमग्न हो गया है। वहीं रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी, चमोली में अलकनंदा, नंदाकिनी और पिंडर तथा पिथौरागढ़ में काली, गोरी और सरयू नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)