थाईलैंड के स्कूल में गोलीबारी, छह की मौत; कई घायल, जांच जारी
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास नोनथाबुरी जिले स्थित देबसिरिन स्कूल में शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन शिक्षक और तीन छात्र शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब एक छात्र ने स्कूल परिसर में गोलीबारी कर दी। फायरिंग के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-शिक्षक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस, आपातकालीन सेवाएं और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार उसके परिवार के किसी सदस्य का हो सकता है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद स्कूल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े अपुष्ट वीडियो और संवेदनशील सामग्री साझा करने से बचें, ताकि जांच प्रभावित न हो।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)