ईरान के नाम पर छाती पीटी तो कर देंगे बढ़िया वाला इलाज, संभल सीओ कुलदीप सिंह का वीडियो वायरल
संभल (आरएनआई): संभल में अलविदा जुमे से पहले पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि किसी भी हालत में सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप कुमार ने स्थानीय लोगों और समुदाय के प्रतिनिधियों से शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं है और ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
बैठक के दौरान सीओ कुलदीप कुमार का एक बयान भी चर्चा में आ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे विवाद से यहां के कुछ लोगों को “खुजली” हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को इतनी ही परेशानी है तो जो विमान ईरान से भारतीयों को वापस ला रहे हैं, उनमें बैठकर वहां जाकर लड़ सकते हैं।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दो देशों के बीच चल रहे विवाद का असर यदि स्थानीय कानून व्यवस्था पर पड़ा तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अलविदा या जुमा की नमाज के दौरान किसी भी देश के खिलाफ पोस्टर, बैनर, नारे या स्लोगन नहीं लगाए जाने चाहिए।
सीओ ने कहा कि हम सब हिंदुस्तानी हैं और यहां शांति से रहते हैं। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर देश के भीतर माहौल खराब करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के नाम पर यहां कोई प्रदर्शन या उग्र गतिविधि हुई तो पुलिस “बढ़िया वाला इलाज” करेगी।
बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कुछ लोग इंस्टाग्राम जैसी साइटों पर रील बनाने के चक्कर में भड़काऊ या गलत बातें फैला रहे हैं, जो ठीक नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान सौहार्द बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे से बचें।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कहीं सड़क पर नमाज अदा करते हुए लोग मिले तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुस्लिम समुदाय के कई प्रतिनिधि भी मौजूद रहे और शांति बनाए रखने का भरोसा दिया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)