‘माउंटेन मैन’ के बेटे भगीरथ मांझी का कांग्रेस पर आरोप — राहुल गांधी के आश्वासन के बावजूद नहीं मिला टिकट
पटना (आरएनआई): बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। अब ‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी के बेटे भगीरथ मांझी ने भी पार्टी नेतृत्व पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से व्यक्तिगत आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
भगीरथ मांझी ने कहा, “मैंने राहुल गांधी जी से टिकट मांगा था, उन्होंने कहा था कि मिलेगा। मुझे पूरा भरोसा था कि टिकट जरूर मिलेगा। लेकिन सबको टिकट मिल गया, हमें नहीं। मैं दिल्ली में चार दिन तक रुका रहा, लेकिन मुलाकात भी नहीं हो पाई। यह बहुत दुखद है।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की थी। भगीरथ मांझी का कहना है कि वे अपने पिता दशरथ मांझी की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में आए हैं, लेकिन टिकट न मिलने से उनका मनोबल टूट गया है।
गौरतलब है कि छह जून 2025 को राहुल गांधी ने दशरथ मांझी के बेटे भगीरथ मांझी से मुलाकात की थी और उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई थी। उस वक्त राहुल गांधी ने उन्हें सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति में योगदान देने का भरोसा दिलाया था। इसी के बाद चर्चा थी कि कांग्रेस उन्हें विधानसभा चुनाव में उतार सकती है।
हालांकि, टिकट वितरण में भगीरथ मांझी का नाम शामिल नहीं होने से समर्थकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
दशरथ मांझी, जिन्हें ‘माउंटेन मैन’ के नाम से जाना जाता है, ने गया जिले में पहाड़ काटकर सड़क बनाई थी और समाज में संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक बने थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



