हरदोई में रिश्तों का खून, छोटे भाई ने बड़े भाई को डडा से पीटकर उतार दिया मौत के घाट
हरदोई (आरएनआई)। जनपद हरदोई के थाना कासिमपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनियनखेड़ा में शनिवार को पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम बनियनखेड़ा निवासी सूरज पुत्र हरिहर ने अपने बड़े भाई बृजेश पुत्र हरिहर पर डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना कासिमपुर पुलिस एवं उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो बृजेश लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर शराब के नशे में आक्रोशित सूरज ने डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे बड़े भाई की जान चली गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक पक्ष की तहरीर पर थाना कासिमपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)